लोकल. तेज. भरोसेमंद खबरें इट्स बैतूल टाइम्स | बैतूल जिले की ताजा अपडेट
--:--:--
ताज़ा खबर बैतूल समाचार जिले और आसपास की सबसे तेज व सत्यापित अपडेट

Betul News: फोरलेन अधिग्रहित भूमि अधिकारियों द्वारा फसल को बर्बाद करने की धमकी।


Betul News

Betul News: बैतूल विधान सभा के  भडूस गांव के किसानों ने बुधवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर फोरलेन कंपनी के अधिकारियों पर मनमानी करने का आरोप लगाया। इन किसानों का कहना है कि कंपनी द्वारा बिना सूचना दिए उनकी अधिग्रहित भूमि से फसल को बर्बाद करने की धमकी दी जा रही है।

किसान चंद्रकिशोर, भीम पवार, गोलू सिंह, प्रमोद सिंह, रमेश महाले, भरत पवार ने बताया कि बैतूल-चिचोली-इंदौर फोरलेन बनाने के लिए 25 गांव के किसानों की जमीन का अधिग्रहण कई दिनों पूर्व किया जा चुका है किसानों ने काम शुरू नहीं होने और मुआवजा कम मिलने के कारण बोवनी कर दी है, जिसे काम करने के नाम पर ठेका कंपनी द्वारा जेसीबी चलाकर उजाड़ा जा रहा है। कलेक्टर को सौंपे आवेदन में किसानों ने बताया कि प्रभावित किसानों द्वारा जनसुनवाई में मय दस्तावेज के अपनी समस्याओं एवं आदेशानुसार प्रतिकर ना देने अतिरिक्त ली जा रही भूमि की सुनवाई का अवसर ना देने एवं भौतिक सत्यापन कर चल संपत्ति के प्रतिकर की कोई जानकारी ना देने के संबंध मे आपत्ति प्रस्तुत की गई थी। उसके बाद सक्षम भू – अर्जन अधिकारी द्वारा किसानों को फसल नष्ट करने की धमकी दी जा रही है। प्रभावित किसानों को भूमि खाली करने मौखिक एवं लिखित सूचना देकर नियमानुसार समय नहीं दिया गया ना ही किसानों को पूर्व में फसल ना बोने की लिखित एवं मौखिक सूचना दी गई। किसानों ने बताया सक्षम भू -अर्जन अधिकारी द्वारा नियम का पालन ना करते हुए अपर्याप्त प्रतिकर दिया गया। मौके पर किसानों को भूमि नापकर नहीं बताई गई। किसानों का कहना है कि उनकी फसल को परिपक्व स्थिति पर लाने में अत्याधिक लागत लग चुकी है यदि फसल नष्ट की जाती है तो उन्हें आर्थिक नुकसान होगा। किसानों ने मांग की है कि फसल कटाई तक प्रभावित किसानों को समय दिया जाए या उसके बदले क्षति पूर्ति राशि दी जाए।