Betul News - समय पर बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं के लिए बिजली कंपनी 1 जनवरी 2022 से प्रीमियम सेवा शुरू करने जा रही है। इस सेवा का लाभ लेने के लिए जरूरी होगा कि उपभोक्ता ने हर महीने नियत तिथि पर अपने बिल का भुगतान किया हो। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के एमडी गणेश शंकर मिश्रा ने मंगलवार को अपने ग्वालियर दौरे पर यह बात कही।
बिजली कंपनी ऐसे उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित निराकरण करेगी और बिजली आपूर्ति संबंधी जरूरतों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करेगी। इसके लिए ऐसे उपभोक्ता को अपना मोबाइल नंबर बिजली कंपनी में रजिस्टर्ड कराना आवश्यक होगा। मोबाइल नंबर जोन कार्यालय पर, मीटर रीडर के पास, उपाय एप या वेबसाइट पर भी रजिस्टर्ड करा सकते हैं। बिजली कंपनी उपभोक्ताओं को मीटर रीडिंग से ज्यादा का बिल दिए जाने की समस्या का निराकरण करने के लिए अब उपभोक्ताओं को हर्जाना देने की योजना लागू करने पर भी तेजी से विचार कर रही है। हर्जाने की योजना का स्वरूप क्या होगा, हर्जाना कितना देना होगा और कैसे दिया जाएगा, इसका खाका तैयार किया जा रहा है।
