Betul News : बैतूल (मध्य प्रदेश) भैंसदेही थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बर्रा साईगवार में एक 16 वर्षीय किशोरी द्वारा संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतका की शिनाख्त पूनम बारस्कर (पिता कमल किशोर बारस्कर) के रूप में हुई है। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान किशोरी ने दम तोड़ दिया।
घर पर अकेली थी नाबालिग
मिली जानकारी के मुताबिक, सोमवार रात परिवार के अन्य सदस्य जब काम के सिलसिले में घर से बाहर थे, तब पूनम घर पर अकेली थी। उसी दौरान उसने अज्ञात कारणों से विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। देर शाम जब परिजन मजदूरी कर घर लौटे, तो उन्होंने पूनम को अचेत अवस्था में पाया।
परिजन आनन-फानन में उसे भैंसदेही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद किशोरी को बैतूल जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में भर्ती रहने के बाद मंगलवार तड़के किशोरी की उपचार के दौरान मौत हो गई।
पढ़ाई छूटने के बाद करने लगी थी मजदूरी
परिजनों के अनुसार, पूनम गत वर्ष कक्षा 9वीं में अनुत्तीर्ण हो गई थी। परीक्षा परिणाम के बाद उसने स्कूल जाना बंद कर दिया था और परिवार का हाथ बंटाने के लिए मजदूरी करने लगी थी। वह अपने परिवार में छोटी थी और उसका एक बड़ा भाई है।
मर्ग कायम कर जांच शुरू
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचकर शव का पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। नाबालिग ने यह आत्मघाती कदम किन परिस्थितियों और तनाव के चलते उठाया, इसका खुलासा अब तक नहीं हो सका है। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों के बयान दर्ज कर मामले के हर पहलू की तफ्तीश कर रही है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें